मैदान में उतरीं 8 स्कूलों की टीमें, मानव श्रृंखला और हस्ताक्षर अभियान से युवाओं ने ली नशे से दूर रहने की शपथ
मंडला/नारायणगंज। पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के तहत टिकरिया थाना क्षेत्र में विशाल खेलकूद प्रतियोगिता एवं नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम मंडला पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवकुमार वर्मा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में नारायणगंज, कुडामैली, सांदीपनि टिकरिया, पड़रिया नारायणगंज, देवहार, बबलिया, छपरा, बम्हनी भावल एवं मंगलगंज के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों के बीच वॉलीबॉल, कबड्डी, पिट्टू, खो-खो और मैराथन जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों को शील्ड एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

नशामुक्ति जागरूकता के उद्देश्य से आयोजित कार्यक्रम में निवास एसडीओपी प्रीतम लाल बालरे एवं टिकरिया थाना प्रभारी प्रदीप कुमार पांडेय ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी और नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई। इस दौरान पुलिस लाइन मंडला की टीम द्वारा नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर नशे के खिलाफ प्रभावी संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के अंतर्गत जागरूकता रैली, मानव श्रृंखला, हस्ताक्षर अभियान एवं सेल्फी पॉइंट जैसी गतिविधियों का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों ने अभियान में सहभागिता कर नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।

इस अवसर पर विक्रम अवार्ड प्राप्त जिला हैंडबॉल प्रशिक्षक सुश्री सोना दुबे, प्रभारी प्राचार्य स्मृति पटेल, खेलकूद प्रभारी करुणा मर्सकोले, प्रमोद मरावी, गंगा मरावी, त्रिलोक डोंगरे, सुजीत यादव, नंदिनी उइके, कमलेश भावरें, मोहम्मद रेहान रजा, कमल मरावी, राजेंद्र मरावी एवं झाम सिंह तेकाम सहित क्षेत्र के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

मण्डला जितेन्द्र कुमार भलावी
Author: Narmada Express News
नर्मदा एक्सप्रेस न्यूज़ में आपका स्वागत है। यह चैनल मंडला जिले, मध्यप्रदेश एवं देश-दुनिया की ताज़ा खबरें, ग्राउंड रिपोर्ट, सामाजिक मुद्दे, प्रशासनिक गतिविधियां, राजनीति, शिक्षा, खेल, संस्कृति और आदिवासी समाज से जुड़ी खबरें आप तक पहुंचाता है। निष्पक्ष पत्रकारिता और जनहित हमारी प्राथमिकता है।