मण्डला। जिले में जहरीली शराब के सेवन से कई लोगों की मौत की घटना को लेकर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने गंभीर चिंता जताते हुए विरोध प्रदर्शन किया गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष कमलेश तेकाम पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सागर पहुंचकर आयोजित विरोध कार्यक्रम में भाग लिया तथा जहरीली शराब के कारण हुई मौतों के मामले में सरकार से कठोर कार्यवाही मांग की विरोध कार्यक्रम के दौरान पार्टी नेताओं ने कहा कि जहरीली शराब के सेवन से लोगों की जान जाना बेहद दुखद और चिंताजनक घटना है। इस तरह की घटनाएं न केवल कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं बल्कि अवैध एवं जहरीली शराब के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण की आवश्यकता को भी सामने लाती हैं।

उन्होंने कहा कि किसी भी परिवार के लिए अपने सदस्य को इस तरह खो देना बेहद पीड़ादायक है और सरकार को पीडि़त परिवारों की स्थिति को गंभीरता से समझते हुए तत्काल राहत एवं न्याय की दिशा में प्रभावी कदम उठाने चाहिए कार्यक्रम में शामिल प्रतिनिधियों ने जहरीली शराब की घटना से प्रभावित आदिवासी परिवारों से मुलाकात की इस दौरान उन्होंने परिवारों की पीड़ा सुनी और घटना से उत्पन्न परिस्थितियों की जानकारी ली पीडि़त परिवारों ने अपनी समस्याएं और परेशानियां प्रतिनिधियों के सामने रखीं। प्रतिनिधियों ने परिवारों को भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में उन्हें अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और हरसंभव मदद एवं सहयोग के लिए प्रयास किया जाएगा गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने सरकार से मांग की कि जहरीली शराब के मामले की निष्पक्ष और गंभीर जांच कराई जाए घटना के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्यवाही की जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। साथ ही अवैध शराब के निर्माण बिक्री और वितरण से जुड़े नेटवर्क पर भी प्रभावी कार्यवाही किए जाने की आवश्यकता जताई गई पार्टी ने यह भी मांग की कि मृतकों के परिवारों को उचित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए तथा प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और भविष्य की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। वक्ताओं ने कहा कि सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी आम जनता के जीवन और सुरक्षा की रक्षा करना है। ऐसी घटनाओं में केवल कार्रवाई का आश्वासन पर्याप्त नहीं बल्कि दोषियों को सजा दिलाने और पीडि़तों को न्याय दिलाने के लिए ठोस एवं समयबद्ध कार्यवाही जरूरी है।