Search
Close this search box.

खुले आसमान और पन्नी की झोपड़ी में पढ़ने को मजबूर बच्चे, 2 माह बाद भी नहीं सुधरे हालात

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

19 मई को लिखा गया पत्र, 20 जुलाई को फिर कराया गया ध्यानाकर्षण; प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार

मंडला। जिला मुख्यालय से लगभग 12 किलोमीटर दूर स्थित प्राथमिक शाला बुजबुजिया घोड़ाडीह के छात्र-छात्राएं आज भी पन्नी, हरे नेट और लकड़ियों से बनी अस्थायी झोपड़ी में पढ़ाई करने को मजबूर हैं। शिक्षा सत्र शुरू हुए दो महीने से अधिक समय बीत जाने के बावजूद विद्यालय के लिए न तो स्थायी भवन की व्यवस्था हो सकी है और न ही मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

पालक महासंघ के पदाधिकारियों के अनुसार विद्यालय भवन की जर्जर स्थिति और बच्चों की समस्याओं को लेकर 15 मई 2026 को संबंधित अधिकारियों से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा गया था। इसके बाद 19 मई 2026 को कलेक्टर के नाम पत्र लिखकर समस्या के निराकरण की मांग की गई। बताया गया कि कलेक्टर के निर्देश पर 20 मई से भवन मरम्मत कार्य प्रारंभ हुआ, लेकिन कुछ दिनों बाद ही कार्य बंद कर दिया गया।

महासंघ ने बताया कि 20 जुलाई 2026 को पुनः कलेक्टर, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग, जिला स्रोत समन्वयक तथा जिला शिक्षा अधिकारी को ध्यानाकर्षण पत्र सौंपा गया है। इसके बावजूद अब तक विद्यालय की स्थिति में कोई सुधार नहीं हो सका है।

जिले के कई स्कूलों में मूलभूत सुविधाओं का अभाव

पालक महासंघ से जुड़े चंद्रगुप्त नामदेव एवं पी.डी. खैरवार ने बताया कि बुजबुजिया घोड़ाडीह की तरह जिले के कई प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय असुरक्षित भवनों या खुले आसमान के नीचे संचालित हो रहे हैं। कई विद्यालयों में शुद्ध पेयजल, शौचालय, फर्नीचर और पर्याप्त शिक्षकों की व्यवस्था नहीं है। कुछ हाई स्कूल और हाई सेकेंडरी विद्यालयों में भी शिक्षकों की कमी बनी हुई है।

उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में पन्नी और अस्थायी झोपड़ियों के नीचे पढ़ाई करना बच्चों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है। इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है और उनके भविष्य पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।

प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग

सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सवाल उठाया है कि लगातार पत्राचार और अधिकारियों से मुलाकात के बाद भी यदि समस्या का समाधान नहीं हो रहा है, तो बच्चों की सुरक्षा और शिक्षा की जिम्मेदारी कौन लेगा। पालक महासंघ ने जिले के सभी असुरक्षित विद्यालयों का तत्काल निरीक्षण कर स्थायी भवन, शुद्ध पेयजल, बिजली, शौचालय, खेल मैदान एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।

रिपोर्टर : जितेंद्र कुमार भलावी
स्थान : मंडला

Narmada Express News
Author: Narmada Express News

नर्मदा एक्सप्रेस न्यूज़ में आपका स्वागत है। यह चैनल मंडला जिले, मध्यप्रदेश एवं देश-दुनिया की ताज़ा खबरें, ग्राउंड रिपोर्ट, सामाजिक मुद्दे, प्रशासनिक गतिविधियां, राजनीति, शिक्षा, खेल, संस्कृति और आदिवासी समाज से जुड़ी खबरें आप तक पहुंचाता है। निष्पक्ष पत्रकारिता और जनहित हमारी प्राथमिकता है।

Leave a Comment

और पढ़ें