प्रोग्रेसिव पेंशनर एसोसिएशन की विशेष बैठक संपन्न, नवीन पेंशनरों का सम्मान
बम्हनी बंजर, 29 जून। प्रोग्रेसिव पेंशनर एसोसिएशन इकाई बम्हनी बंजर (हवेली पेंशनर संघ) की विशेष बैठक रविवार को स्थानीय गायत्री मंदिर परिसर में संरक्षक नंद कुमार झारिया के सौजन्य से आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता राजाराम विश्वकर्मा ने की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नागेंद्र नाथ चौरसिया तथा विशिष्ट अतिथि रवीन्द्र कुशवाहा एवं प्रदीप श्रीवास्तव ने संगठन की मजबूती पर बल देते हुए सभी पेंशनरों से सदस्यता ग्रहण करने, नियमित रूप से बैठकों में भाग लेने तथा संगठन हित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने पेंशनरों की विभिन्न मांगों को लेकर एकजुट होकर कार्य करने तथा आवश्यक होने पर संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपने की बात कही। साथ ही शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए समाजसेवा के कार्यों में सहभागिता बढ़ाने पर जोर दिया।

बैठक के दौरान नवीन पेंशनर भुनेश्वर सिंगरहा (जहरमऊ) एवं मुन्ना लाल तिवारी (बम्हनी बंजर) का अंगवस्त्र भेंट कर सम्मान किया गया। मंडला से पहुंचे वीरेन्द्र पटेल एवं अजय कांड्रा सहित सभी अतिथियों एवं सदस्यों का स्वागत तिलक लगाकर किया गया।
संघ अध्यक्ष जगदीश सिंगौर ने मंच संचालन करते हुए बताया कि बम्हनी बंजर इकाई को जिला स्तर पर विकासशील इकाई के रूप में पहचान मिली है। उन्होंने सभी सदस्यों से सहयोग कर इकाई को विकसित इकाई का दर्जा दिलाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। अंत में आभार प्रदर्शन के साथ बैठक का समापन हुआ।
संपर्क नम्बर 7049200695