मंडला। कोतवाली थाना पुलिस ने ग्वारी गांव में पंचायत भवन परिसर से चोरी हुए 16 डीजे बॉक्स के मामले का खुलासा करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए 16 डीजे बॉक्स तथा वारदात में प्रयुक्त पिकअप वाहन बरामद किया है। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत करीब 4 लाख 25 हजार रुपए बताई गई है।

जानकारी के अनुसार ग्वारी निवासी हेमंत कुमार परते के 16 डीजे बॉक्स 15 अगस्त की रात ग्राम पंचायत भवन परिसर से चोरी हो गए थे। अज्ञात चोर पिकअप वाहन में डीजे बॉक्स लादकर फरार हो गए थे। मामले की शिकायत मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले तथा मुखबिरों से भी जानकारी जुटाई। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने नारायणगंज के पास से अंकित सिंगरोरे, हिमांशु सरवटे एवं योगेश राजपूत को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली, जिसके बाद उनके कब्जे से चोरी किए गए 16 डीजे बॉक्स और पिकअप वाहन बरामद कर लिया गया।
कोतवाली थाना प्रभारी शफीक खान ने बताया कि मामले में अभी दो अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपियों को शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में एएसआई मायाराम धुर्वे, प्रधान आरक्षक विकास पटेल, आरक्षक प्रियांश, रमेश, मृदुल एवं यमुना सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
संवाददाता-जितेंद्र कुमार भलावी मंडला
Author: Narmada Express News
नर्मदा एक्सप्रेस न्यूज़ में आपका स्वागत है। यह चैनल मंडला जिले, मध्यप्रदेश एवं देश-दुनिया की ताज़ा खबरें, ग्राउंड रिपोर्ट, सामाजिक मुद्दे, प्रशासनिक गतिविधियां, राजनीति, शिक्षा, खेल, संस्कृति और आदिवासी समाज से जुड़ी खबरें आप तक पहुंचाता है। निष्पक्ष पत्रकारिता और जनहित हमारी प्राथमिकता है।