राकेश कुमार रजक बने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निवास के सांसद प्रतिनिधि, सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने की अनुशंसा
निवास (मण्डला)। मण्डला लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने अपने संसदीय क्षेत्र में जनसमस्याओं के प्रभावी निराकरण एवं स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी को मजबूत करने के उद्देश्य से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) निवास के लिए नए सांसद प्रतिनिधि की नियुक्ति की अनुशंसा की है। इस संबंध में सांसद द्वारा जारी पत्र में ग्राम पिपरिया, तहसील निवास, जिला मण्डला निवासी वरिष्ठ भाजपा नेता राकेश कुमार रजक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निवास का सांसद प्रतिनिधि नियुक्त किए जाने की अनुशंसा की गई है।
सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने इस संबंध में कलेक्टर मण्डला को पत्र प्रेषित कर नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही करते हुए नियुक्ति आदेश जारी करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पत्र की प्रतिलिपि मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ), मण्डला तथा संबंधित अधिकारियों को भी सूचनार्थ भेजी गई है।

सांसद प्रतिनिधि के रूप में राकेश कुमार रजक स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, मरीजों को मिलने वाली सेवाओं, दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकीय व्यवस्थाओं एवं आम नागरिकों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे। उनकी नियुक्ति से स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी और जनहित से जुड़े मुद्दों के समाधान में गति आने की उम्मीद जताई जा रही है।
राकेश कुमार रजक लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता एवं सामाजिक गतिविधियों से जुड़े रहे हैं। क्षेत्र में उनकी पहचान जनसेवा एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े व्यक्ति के रूप में रही है। उनकी नियुक्ति की जानकारी सामने आने के बाद क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों तथा स्थानीय नागरिकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है।
क्षेत्रवासियों का मानना है कि राकेश कुमार रजक के सांसद प्रतिनिधि बनने से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निवास की व्यवस्थाओं पर बेहतर निगरानी होगी तथा ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित समस्याओं के समाधान में सहायता मिलेगी। इससे स्वास्थ्य विभाग और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होने की भी संभावना है।
संवाददाता जितेंद्र कुमार भलावी मंडला