सांदीपनि विद्यालय चाबी के दो विद्यार्थियों ने प्रदेश स्तर पर हासिल किया स्थान।
मंडला। नरसिंहपुर जिले के साईंखेड़ा में 20 एवं 21 अगस्त 2026 को आयोजित राज्य स्तरीय विज्ञान, गणित, पर्यावरण एवं सामाजिक विज्ञान प्रदर्शनी में मंडला जिले के मोहगांव विकासखंड के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम प्रदेश स्तर पर रोशन किया। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर प्रदेश के शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने प्रतिभागी विद्यार्थियों को सम्मानित किया।

मोहगांव विकासखंड से जोन स्तरीय जबलपुर प्रतियोगिता में चयनित विद्यार्थियों ने राज्य स्तरीय मंच पर विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस दौरान सांदीपनि विद्यालय चाबी के दो विद्यार्थियों ने उल्लेखनीय सफलता हासिल कर क्षेत्र को गौरवान्वित किया।
कक्षा 9वीं की छात्रा आयुषी प्रजापति ने इतिहास विषय में उत्कृष्ट मॉडल प्रस्तुत करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं विद्यालय के कक्षा 8वीं के छात्र निधिश शुक्ला ने प्रश्न मंच प्रतियोगिता में तृतीय स्थान हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया। आयुषी प्रजापति द्वारा प्रस्तुत मॉडल की शिक्षा मंत्री ने विशेष सराहना करते हुए उनकी रचनात्मकता, विषय की समझ और प्रस्तुति कौशल की प्रशंसा की।

इस उपलब्धि से मोहगांव विकासखंड, विद्यालय परिवार, अभिभावकों एवं क्षेत्रवासियों में हर्ष का माहौल है। राज्य शिक्षा केंद्र के निर्देशानुसार कलेक्टर राहुल नामदेव घोटे, जिला पंचायत सीईओ शाश्वत सिंह मीणा तथा जिला परियोजना समन्वयक अशोक शुक्ल के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता में सहभागिता की।

विद्यार्थियों की सफलता में मार्गदर्शी शिक्षक कविंद्र शाह कोकड़े, पार्वती परते, बीआरसी डॉ. विनीत दुबे, विद्यालय प्राचार्य जोधसिंह धुर्वे, जनशिक्षक दयानंद आर्मो एवं मायाराम यादव सहित अन्य शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को मॉडल निर्माण, विषय-वस्तु की तैयारी एवं प्रश्न मंच प्रतियोगिता के लिए निरंतर मार्गदर्शन प्रदान किया।

राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दोनों विद्यार्थियों को क्षेत्रवासियों, शिक्षकों एवं विद्यालय परिवार द्वारा शुभकामनाएं दी जा रही हैं। उनकी यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी तथा यह सिद्ध करती है कि ग्रामीण एवं आदिवासी अंचल के विद्यार्थी भी अपनी प्रतिभा और परिश्रम के बल पर प्रदेश स्तर पर सफलता हासिल कर सकते हैं।
संवाददाता-जितेंद्र कुमार भलावी मंडला 7049200695
Author: Narmada Express News
नर्मदा एक्सप्रेस न्यूज़ में आपका स्वागत है। यह चैनल मंडला जिले, मध्यप्रदेश एवं देश-दुनिया की ताज़ा खबरें, ग्राउंड रिपोर्ट, सामाजिक मुद्दे, प्रशासनिक गतिविधियां, राजनीति, शिक्षा, खेल, संस्कृति और आदिवासी समाज से जुड़ी खबरें आप तक पहुंचाता है। निष्पक्ष पत्रकारिता और जनहित हमारी प्राथमिकता है।