निवास में संयुक्त रजक समाज की बैठक संपन्न, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने यूनिफाइड ट्रस्ट योजना का शुभारंभ
योजना से जुड़ी महिलाओं को मिलेगा ₹12 हजार प्रतिमाह मानदेय
निवास। तहसील मुख्यालय स्थित रेस्ट हाउस में संयुक्त रजक समाज की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य समाज को संगठित करने के साथ-साथ महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ मां नर्मदा एवं राष्ट्र संत गाडगे महाराज के तैल चित्र पर माल्यार्पण, तिलक वंदन और दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।

बैठक में राष्ट्रीय आजीविका मिशन को आगे बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। मिशन की ब्लॉक मैनेजर पूजा शर्मा एवं उनकी टीम ने उपस्थित महिलाओं को रोजगार, स्वरोजगार, सामाजिक विकास तथा लघु उद्योगों की स्थापना संबंधी विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में निवास, पिपरिया, बिसौरा, बिसनपुरा, आमाडोंगरी, भीखमपुर, कोहका और निवास कॉलोनी सहित विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिलाएं एवं समाजजन शामिल हुए।

महिला सशक्तिकरण योजना पर हुई चर्चा
बैठक में यूनिफाइड ट्रस्ट की महिला सशक्तिकरण योजना की जानकारी देते हुए बताया गया कि महिलाओं को समूहों में संगठित कर उनके बैंक खाते खोले जाएंगे। इसके बाद उत्पादन कार्यों का प्रशिक्षण दिया जाएगा तथा मशीनें एवं कच्चा माल उपलब्ध कराकर उत्पादन शुरू कराया जाएगा।
योजना के तहत समूहों द्वारा 40 प्रकार के उत्पादन कार्य किए जाएंगे, जिनकी ब्रांडिंग ‘मातरम’ नाम से की जाएगी। योजना से जुड़कर कार्य करने वाली प्रत्येक महिला को एग्रीमेंट के आधार पर ₹12 हजार प्रतिमाह मानदेय प्रदान किया जाएगा। महिलाओं से योजना में सक्रिय सहभागिता कर इसे सफल बनाने की अपील की गई।
2 अगस्त को होगा विशाल सामाजिक भोज
बैठक में निर्णय लिया गया कि आगामी 2 अगस्त को निवास खैरमाई के पास स्थित सामुदायिक भवन में संयुक्त रजक समाज द्वारा विशाल सामाजिक भोज का आयोजन किया जाएगा। समाज की कार्यकारिणी ने सभी स्वजातीय बंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होने का आग्रह किया।
बैठक में बारेलाल रजक, प्रभु रजक, रमेश रजक, कंधी रजक, गिरीश रजक, नंदू रजक, गोलू रजक, सौरभ रजक, सुनील रजक, ब्रजेश रजक, राजा रजक सहित समाज के वरिष्ठजन, महिला सदस्य एवं युवा मोर्चा के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
संवाददाता- जितेंद्र कुमार भलावी 7049200695
Author: Narmada Express News
नर्मदा एक्सप्रेस न्यूज़ में आपका स्वागत है। यह चैनल मंडला जिले, मध्यप्रदेश एवं देश-दुनिया की ताज़ा खबरें, ग्राउंड रिपोर्ट, सामाजिक मुद्दे, प्रशासनिक गतिविधियां, राजनीति, शिक्षा, खेल, संस्कृति और आदिवासी समाज से जुड़ी खबरें आप तक पहुंचाता है। निष्पक्ष पत्रकारिता और जनहित हमारी प्राथमिकता है।