मंडला। मानव एकता दिवस के अवसर पर संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित विशाल रक्तदान शिविर में लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शिविर में 87 पुरुषों एवं 13 महिलाओं सहित कुल 100 रक्तदाताओं ने रक्तदान कर मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ 148 बटालियन के द्वितीय कमान अधिकारी रत्नेश कुमार सिंह ने फीता काटकर किया।

उन्होंने रक्तदान को महादान बताते हुए कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचा सकता है, इसलिए प्रत्येक स्वस्थ नागरिक को नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए।
शिविर में जिला चिकित्सालय मंडला से सिविल सर्जन डॉ. विजय धुर्वे, पैथोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. योगेश सिरश्याम एवं चिकित्सा स्टाफ की उपस्थिति रही। रक्तदान शिविर के माध्यम से एकत्रित 100 यूनिट रक्त जिला ब्लड बैंक मंडला को सौंपा गया।

संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन के पदाधिकारियों एवं सेवकों ने शिविर की व्यवस्थाओं का संचालन किया। रक्तदाताओं के लिए भोजन, चाय, जूस, फल एवं विश्राम की विशेष व्यवस्था की गई। साथ ही सभी रक्तदाताओं को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

वक्ताओं ने कहा कि मानवता की सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है। रक्तदान न केवल किसी की जिंदगी बचाता है, बल्कि समाज में सहयोग, संवेदना और भाईचारे की भावना को भी मजबूत करता है। संस्था द्वारा किया गया यह प्रयास जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायी साबित होगा।

संपर्क 7049200695