Search
Close this search box.

छात्रावास की दीवार से ‘गोंडवाना’ शब्द गायब होने पर GSU ने जताई आपत्ति, 30 जून तक की मोहलत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

छात्रावास की दीवार से ‘गोंडवाना’ शब्द गायब होने पर GSU ने जताई आपत्ति, 30 जून तक की मोहलत

नैनपुर (मंडला), 22 जून 2026। गोंडवाना स्टूडेंट्स यूनियन (GSU) नैनपुर ने शहीद राजा शंकर शाह–रघुनाथ शाह बालक शासकीय उत्कृष्ट सीनियर आदिवासी छात्रावास नैनपुर की मुख्य दीवार पर बने राजचिन्ह में “गोंडवाना” शब्द अंकित नहीं होने पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है। इस संबंध में संगठन ने छात्रावास अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर 30 जून 2026 तक आवश्यक सुधार किए जाने की मांग की है।

GSU के ब्लॉक अध्यक्ष निलेश कुमार मरावी ने बताया कि छात्रावास की दीवार पर गोंडवाना समाज का राजचिन्ह बनाया गया है, जिसमें शेर, हाथी सहित अन्य प्रतीक दर्शाए गए हैं, लेकिन राजचिन्ह में “गोंडवाना” शब्द का उल्लेख नहीं किया गया है। उनका कहना है कि जिन शहीद राजा शंकर शाह और रघुनाथ शाह के नाम पर यह छात्रावास संचालित है, उन्होंने गोंडवाना की अस्मिता और स्वाभिमान की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया था। ऐसे में उनके नाम से संचालित संस्थान में “गोंडवाना” शब्द का अभाव समाज और छात्र समुदाय की भावनाओं को आहत करता है।

ज्ञापन में संगठन ने मांग की है कि 30 जून 2026 तक छात्रावास की दीवार पर बने राजचिन्ह के साथ “गोंडवाना” शब्द सम्मानपूर्वक अंकित कराया जाए तथा की गई कार्रवाई की जानकारी संगठन को उपलब्ध कराई जाए।

GSU ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर मांग पूरी नहीं की जाती है, तो संगठन लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात उच्च अधिकारियों एवं जिला प्रशासन के समक्ष रखेगा, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित कार्यालय की होगी।

ज्ञापन सौंपने के दौरान GSU के ब्लॉक अध्यक्ष निलेश कुमार मरावी के साथ नितेश नरेती, संदीप कुड़ापे, भूपेंद्र उइके, राजू उइके, आनंद इड़पाचे सहित संगठन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं छात्र उपस्थित रहे।

समाचार पत्र विज्ञापन प्रकाशित कराने के लिए संपर्क करे 7049200695

Leave a Comment

और पढ़ें