
नैनपुर रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज की मांग तेज, आम आदमी पार्टी ने रेल मंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
नैनपुर (मंडला), 19 जून 2026। मंडला-सिवनी मार्ग पर स्थित नैनपुर रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज निर्माण की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी ने शुक्रवार को रेल मंत्री एवं रेलवे महाप्रबंधक के नाम ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) नैनपुर तथा स्टेशन मास्टर नैनपुर को दिया गया।
आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष पंकज सोनी ने बताया कि नैनपुर रेलवे फाटक पर लंबे समय से ओवरब्रिज निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। उन्होंने कहा कि रेलवे फाटक बंद होने के दौरान एम्बुलेंस, मरीजों और आम नागरिकों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता है, जिससे आपातकालीन परिस्थितियों में गंभीर समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं।

उन्होंने बताया कि 100 बिस्तरीय अस्पताल जाने वाले मरीजों को भी फाटक पर रुकना पड़ता है। मालगाड़ी एवं यात्री ट्रेनों के आवागमन के दौरान फाटक बंद रहने से समय पर उपचार मिलने में देरी हो सकती है, जिससे जनहानि की आशंका बनी रहती है। इसके अलावा गर्मी, बारिश और अन्य मौसमीय परिस्थितियों में राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

ज्ञापन में जनप्रतिनिधियों की उदासीनता पर भी सवाल उठाए गए। पार्टी नेताओं ने कहा कि ओवरब्रिज का निर्माण क्षेत्र के विकास और यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए आवश्यक है।

ज्ञापन कार्यक्रम के दौरान आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता रेस्ट हाउस से एसडीएम कार्यालय तक पैदल रैली निकालते हुए पहुंचे। इसके बाद रेलवे स्टेशन पहुंचकर स्टेशन मास्टर को भी ज्ञापन सौंपा गया।
पंकज सोनी ने चेतावनी दी कि यदि एक माह के भीतर ओवरब्रिज निर्माण की दिशा में सकारात्मक पहल नहीं की गई तो पार्टी सिवनी फाटक पर धरना-प्रदर्शन करेगी। इसके बाद भी मांग पूरी नहीं होने पर रेल रोको आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी रेलवे प्रशासन और राज्य सरकार की होगी।

कार्यक्रम में महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष रामादेवी धुर्वे, जिला संगठन मंत्री शिशु सिंधु भलावी, जिला उपाध्यक्ष आनंद प्रकाश तिवारी, नितिन झरिया, आशीष वैष्णव, राजेश महोबिया, महेंद्र हट्टेल, मनोज ठाकुर, राजा सोनी, शुभम सोनी, प्रभात झरिया, सी.एल. सरोते, जितेंद्र साहू, अभिषेक ठाकुर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
समाचार पत्र विज्ञापन खबर प्रकाशित करने के लिये संपर्क करें। 7049200695
