Search
Close this search box.

जन्मदिन को बनाया सेवा और जागरूकता का पर्व, बच्चों संग मनाया उत्सव

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

विश्व स्तनपान सप्ताह एवं दस्तक अभियान के तहत निकाली गई जागरूकता रैली

मण्डला महाराजपुर। विश्व स्तनपान सप्ताह के शुभारंभ अवसर पर बूढ़ी माई वार्ड क्रमांक 23 स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में स्वास्थ्य एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र की महिलाओं, गर्भवती एवं धात्री माताओं, किशोरी बालिकाओं तथा स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस अवसर पर समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय श्रीमती उमा यादव ने अपना जन्मदिन बच्चों के बीच मनाकर एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्र में उपस्थित बच्चों को फल, मिठाई, खिलौने एवं कपड़ों का वितरण किया। बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ दिखाई दिया। उपस्थित लोगों ने उनके इस मानवीय एवं सामाजिक कार्य की सराहना की।

कार्यक्रम के दौरान विश्व स्तनपान सप्ताह (1 से 7 अगस्त) के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई। महिलाओं को बताया गया कि मां का दूध नवजात शिशु के लिए सर्वोत्तम एवं संपूर्ण आहार है, जो शिशु की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के साथ उसके शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। विशेषज्ञों ने कहा कि स्तनपान न केवल बच्चे के स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है, बल्कि यह मां के स्वास्थ्य संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान देता है।

इसी क्रम में दस्तक अभियान के अंतर्गत जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, कुपोषण रोकथाम, स्वच्छता, नियमित टीकाकरण तथा बच्चों की समय-समय पर स्वास्थ्य जांच से संबंधित संदेशों का प्रचार-प्रसार किया गया। रैली के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने तथा बच्चों में बीमारी के लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सा परामर्श लेने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में एएनएम श्रीमती भारती हरदहा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता शिप्रा बक्सी ने महिलाओं को स्तनपान, बच्चों के पोषण, नियमित टीकाकरण एवं स्वास्थ्य परीक्षण के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। उन्होंने माताओं से शिशु के जन्म के तुरंत बाद स्तनपान शुरू करने तथा छह माह तक केवल मां का दूध देने की अपील की। साथ ही छह माह बाद पूरक आहार के साथ स्तनपान जारी रखने के लाभ भी बताए गए।

इस अवसर पर श्रीमती उमा यादव ने कहा कि जरूरतमंद बच्चों के साथ खुशियां बांटना उनके जीवन का सबसे सुखद अनुभव है। उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों के प्रति संवेदनशीलता, सहयोग और सेवा की भावना ही सच्ची समाजसेवा है। उनका यह प्रयास सामाजिक उत्तरदायित्व और मानवता का प्रेरणादायक संदेश देने वाला माना जा रहा है।

कार्यक्रम में वार्ड की महिलाएं, गर्भवती माताएं, धात्री महिलाएं, किशोरी बालिकाएं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं अन्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने, स्तनपान को बढ़ावा देने तथा स्वस्थ समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।

संवाददाता-जितेंद्र कुमार भलावी

Narmada Express News
Author: Narmada Express News

नर्मदा एक्सप्रेस न्यूज़ में आपका स्वागत है। यह चैनल मंडला जिले, मध्यप्रदेश एवं देश-दुनिया की ताज़ा खबरें, ग्राउंड रिपोर्ट, सामाजिक मुद्दे, प्रशासनिक गतिविधियां, राजनीति, शिक्षा, खेल, संस्कृति और आदिवासी समाज से जुड़ी खबरें आप तक पहुंचाता है। निष्पक्ष पत्रकारिता और जनहित हमारी प्राथमिकता है।

Leave a Comment

और पढ़ें