बम्हनी बंजर (मंडला)। रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर गुरुवार को बम्हनी बंजर रेलवे स्टेशन (BMHT) पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। नैनपुर-मंडला फोर्ट रेलखंड पर बहनों और अन्य यात्रियों की आवाजाही बढ़ने से स्टेशन पर दिनभर काफी भीड़ रही। हालांकि, यात्रियों का आरोप है कि बढ़ती भीड़ के अनुरूप रेलवे प्रशासन द्वारा पर्याप्त व्यवस्थाएं नहीं की गईं, जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
यात्रियों ने बताया कि रक्षाबंधन जैसे बड़े पर्व के बावजूद मंडला फोर्ट–छिंदवाड़ा एवं मंडला फोर्ट–जबलपुर पैसेंजर ट्रेनों में अतिरिक्त सामान्य कोच नहीं जोड़े गए। इसके कारण कई यात्रियों को अत्यधिक भीड़भाड़ में सफर करना पड़ा। वहीं स्टेशन पर अनारक्षित टिकट (UTS) रोल समाप्त हो जाने से कई यात्रियों को टिकट प्राप्त करने में भी कठिनाई हुई। स्थानीय लोगों का कहना है कि स्टेशन पर क्रॉसिंग लाइन की सुविधा नहीं होने से ट्रेनों के संचालन पर भी प्रभाव पड़ता है।
रेलवे विकास के लिए सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने बम्हनी बंजर स्टेशन की ऐतिहासिक पहचान को पुनर्जीवित करने की मांग उठाई है। उनका कहना है कि छोटी लाइन के दौर में यह स्टेशन अनाज, वन उपज, खाद, सीमेंट और डोलोमाइट परिवहन का प्रमुख गुड्स यार्ड हुआ करता था, लेकिन वर्तमान में इसे केवल एक साधारण हाल्ट स्टेशन के रूप में छोड़ दिया गया है।

समाजसेवी अनिरुद्ध शुक्ला (महाराज जी) ने कहा कि बम्हनी बंजर रेलवे स्टेशन के विकास के लिए जनप्रतिनिधियों, रेलवे प्रशासन और स्थानीय संघर्ष समितियों को मिलकर ठोस प्रयास करने होंगे। उन्होंने बताया कि स्टेशन के आसपास पर्याप्त रेलवे भूमि उपलब्ध है, जहां अतिरिक्त लाइनें और लंबी ट्रेनों के लिए आवश्यक आधारभूत ढांचा विकसित किया जा सकता है।
वहीं युवा सामाजिक कार्यकर्ता स्वप्निल कुमार ने स्टेशन पर दो हाई-लेवल प्लेटफॉर्म, पक्का शेड, पेयजल, शौचालय, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और स्थायी यूटीएस टिकट काउंटर की मांग की। उनका कहना है कि स्टेशन के उन्नयन से क्षेत्र के छात्रों, किसानों, मजदूरों और आम यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधाएं मिल सकेंगी।
स्थानीय नागरिकों ने रेलवे प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से बम्हनी बंजर रेलवे स्टेशन के समग्र विकास की दिशा में शीघ्र कदम उठाने की मांग की है, ताकि क्षेत्र की वर्षों पुरानी समस्याओं का समाधान हो सके।
संपादक – जितेंद्र कुमार भलावी 7049200695
Author: Narmada Express News
नर्मदा एक्सप्रेस न्यूज़ में आपका स्वागत है। यह चैनल मंडला जिले, मध्यप्रदेश एवं देश-दुनिया की ताज़ा खबरें, ग्राउंड रिपोर्ट, सामाजिक मुद्दे, प्रशासनिक गतिविधियां, राजनीति, शिक्षा, खेल, संस्कृति और आदिवासी समाज से जुड़ी खबरें आप तक पहुंचाता है। निष्पक्ष पत्रकारिता और जनहित हमारी प्राथमिकता है।