बीजाडांडी (मंडला)। राष्ट्रीय पुस्तकालय दिवस के अवसर पर 12 अगस्त को पुस्तकालय विज्ञान के जनक डॉ. एस. आर. रंगनाथन की जयंती उत्साहपूर्वक मनाई गई। एकलव्य फाउंडेशन एवं ओरेकल इंडिया के सहयोग से संचालित बीजाडांडी विकासखंड के 20 शिक्षा प्रोत्साहन केंद्रों, 15 टेमिल केंद्रों तथा 10 प्राथमिक शालाओं में बच्चों, युवाओं, शिक्षकों और समुदाय के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।
कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में पढ़ने की रुचि विकसित करना, पुस्तकालयों के महत्व को समझाना तथा किताबों से जुड़ाव बढ़ाना था। इस दौरान बच्चों ने पुस्तकों पर आधारित गीत, कविताएं, कहानी वाचन, नाटक और विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों में भाग लिया। “घुमंतुओं का डेरा” पुस्तक से “बंजारा नमक लाया ऊँटगाड़ी में” गीत की सामूहिक प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया।

बच्चों को “गधों पर सवार” पुस्तक की कहानी पर आधारित वीडियो भी दिखाया गया। वीडियो के बाद कहानी के पात्रों, घटनाओं और संदेश पर चर्चा एवं प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें बच्चों ने अपनी समझ और विचार खुलकर व्यक्त किए।

इसके अलावा किताब झपट, म्यूजिक बुक, बूझो तो जानें, किताबों पर चर्चा और कहानी से नाटक जैसी गतिविधियों ने बच्चों को सीखने का नया अनुभव प्रदान किया। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों ने किताबों को केवल पढ़ने तक सीमित न रखकर उन्हें खेल, संवाद, अभिनय और रचनात्मक अभिव्यक्ति से जोड़कर समझा।

कार्यक्रम में एकलव्य टीम के सदस्यों ने भी विभिन्न केंद्रों एवं विद्यालयों में पहुंचकर बच्चों, शिक्षकों और समुदाय के लोगों के साथ सक्रिय सहभागिता की। आयोजन ने पुस्तकालय को सीखने, सोचने, प्रश्न पूछने, कल्पना करने और अपनी बात अभिव्यक्त करने के एक जीवंत एवं आनंददायक मंच के रूप में स्थापित किया।

राष्ट्रीय पुस्तकालय दिवस के इस आयोजन ने बच्चों और युवाओं में पुस्तकों के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ-साथ पढ़ने की संस्कृति को सशक्त बनाने का महत्वपूर्ण संदेश दिया।
संवाददाता-जितेंद्र कुमार भलावी मंडला
Author: Narmada Express News
नर्मदा एक्सप्रेस न्यूज़ में आपका स्वागत है। यह चैनल मंडला जिले, मध्यप्रदेश एवं देश-दुनिया की ताज़ा खबरें, ग्राउंड रिपोर्ट, सामाजिक मुद्दे, प्रशासनिक गतिविधियां, राजनीति, शिक्षा, खेल, संस्कृति और आदिवासी समाज से जुड़ी खबरें आप तक पहुंचाता है। निष्पक्ष पत्रकारिता और जनहित हमारी प्राथमिकता है।