Search
Close this search box.

शासकीय कन्या हाई स्कूल मोहगांव में 24 छात्राओं को नि:शुल्क साइकिल वितरण, शिक्षा के प्रति किया गया प्रेरित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

शासकीय कन्या हाई स्कूल मोहगांव में 24 छात्राओं को नि:शुल्क साइकिल वितरण, शिक्षा के प्रति किया गया प्रेरित

मोहगांव (मंडला)। ग्रामीण क्षेत्रों की छात्राओं को शिक्षा से जोड़ने और विद्यालय तक उनकी पहुंच को सुगम बनाने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश शासन की महत्वाकांक्षी नि:शुल्क साइकिल योजना के अंतर्गत गुरुवार को शासकीय कन्या हाई स्कूल मोहगांव में साइकिल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय की 24 छात्राओं को नि:शुल्क साइकिलें प्रदान की गईं। साइकिल प्राप्त करने के बाद छात्राओं के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ दिखाई दिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद पंचायत मोहगांव के उपाध्यक्ष एवं जनपद शिक्षा समिति के सभापति शिवकुमार मिश्रा (अड्डू) उपस्थित रहे। उनके साथ जनपद पंचायत सदस्य बोध सिंह मरकाम, ग्राम पंचायत मोहगांव माल की सरपंच श्रीमती गुड्डी बाई भारतीया, पंचायत सदस्य इमरान खान, जयदीप दुबे, छात्राओं के पालकगण, ग्रामीणजन एवं विद्यालय परिवार के सदस्य भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात विद्यालय की छात्राओं ने अतिथियों का स्वागत किया। विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती नंदिनी यादव ने अतिथियों का स्वागत करते हुए शासन की साइकिल योजना के महत्व पर प्रकाश डाला और बताया कि इस योजना से ग्रामीण अंचलों की छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा मिलेगी तथा शिक्षा के प्रति उनका उत्साह और बढ़ेगा।

साइकिल वितरण के दौरान अतिथियों ने छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा ही जीवन में सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है। उन्होंने छात्राओं से नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर अध्ययन करने तथा अपने माता-पिता, विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करने का आह्वान किया। वक्ताओं ने कहा कि सरकार द्वारा संचालित विभिन्न छात्र हितैषी योजनाएं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और शिक्षा के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। नि:शुल्क साइकिल योजना भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है, जिससे दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों की छात्राओं को विशेष लाभ मिल रहा है।

विद्यालय के शिक्षक श्री परस्ते, धीरज चौधरी एवं शांति प्रकाश अग्रवाल की उपस्थिति में 24 छात्राओं को साइकिलों का वितरण किया गया। छात्राओं एवं उनके अभिभावकों ने शासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे बेटियों की पढ़ाई को नई गति मिलेगी और उन्हें विद्यालय पहुंचने में होने वाली कठिनाइयों से राहत मिलेगी।

कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य श्रीमती नंदिनी यादव ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, अभिभावकों एवं विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिवार छात्राओं के शैक्षणिक और सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। कार्यक्रम का सफल संचालन विद्यालय के शिक्षकों एवं स्टाफ के सहयोग से संपन्न हुआ।

संपर्क 7049200695

Narmada Express News
Author: Narmada Express News

नर्मदा एक्सप्रेस न्यूज़ में आपका स्वागत है। यह चैनल मंडला जिले, मध्यप्रदेश एवं देश-दुनिया की ताज़ा खबरें, ग्राउंड रिपोर्ट, सामाजिक मुद्दे, प्रशासनिक गतिविधियां, राजनीति, शिक्षा, खेल, संस्कृति और आदिवासी समाज से जुड़ी खबरें आप तक पहुंचाता है। निष्पक्ष पत्रकारिता और जनहित हमारी प्राथमिकता है।

Leave a Comment

और पढ़ें